नीमच: जिले के जावद विधानसभा क्षेत्र के बांगरेड गांव में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे विधायक के भाषण के दौरान ग्रामीणों ने अस्पताल तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की मांग को लेकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना था कि अस्पताल भवन का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन वहां पहुंचने के लिए अब तक पक्की सड़क नहीं बनाई गई है। लोगों ने सवाल उठाया कि सड़क सुविधा के अभाव में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध बढ़ने पर कार्यक्रम स्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई। स्थिति को देखते हुए विधायक को कार्यक्रम बीच में ही समाप्त कर वहां से रवाना होना पड़ा।
घटना के दौरान धक्का-मुक्की की भी जानकारी सामने आई है। विधायक की सुरक्षा में तैनात जवानों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाना चाहिए। वहीं, इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
