विजय नगर में छेड़छाड़ के दो मामले, डॉक्टर से लेकर कर्मचारी तक निशाने पर

इंदौर. विजय नगर थाना क्षेत्र में महिलाओं से छेड़छाड़ के दो अलग अलग मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक मामले में अस्पताल के कर्मचारी ने महिला डॉक्टर के साथ रेस्ट रूम में घुसकर अभद्रता की, जबकि दूसरे मामले में एक फाइनेंस कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर पर पूर्व महिला कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं.

पहली घटना एक निजी अस्पताल की है, जहां 30 वर्षीय महिला डॉक्टर ने शिकायत दर्ज कराई है. डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वह सुबह रेस्ट रूम में आराम कर रही थीं, तभी हाउसकीपिंग कर्मचारी निलेश रायकवार बिना अनुमति अंदर घुस आया. पूछने पर उसने जबरदस्ती हाथ पकड़ लिया और मुंह दबाने की कोशिश की. डॉक्टर के विरोध और शोर मचाने पर वह मौके से भाग निकला. सूचना मिलते ही स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. इसी तरह का दूसरा मामला एक फाइनेंस कंपनी से जुड़ा है, जहां काम कर चुकी एक महिला ने ऑपरेशन मैनेजर कुलदीप राजपूत पर छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि नौकरी के दौरान आरोपी बार बार अनुचित तरीके से छूता था और दफ्तर आने जाने के समय उसका पीछा भी करता था. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने इस व्यवहार की शिकायत कंपनी प्रबंधन से की तो कार्रवाई करने के बजाय उसे ही नौकरी से हटा दिया था, इसके बाद उसने पुलिस की शरण ली. थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि दोनों मामलों में विजय नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

आत्महत्या के बाद उठे सवाल, युवक की मौत में प्रताड़ना का आरोप

Fri Jun 19 , 2026
इंदौर. सराफा थाना क्षेत्र में युवक अमन मालाकार की आत्महत्या के बाद मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. घटना के बाद सामने आए परिजनों ने युवती पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरी घटना को संदिग्ध बताया है. नलिया बाखल में रहने वाले अमन ने 7 जून को […]

You May Like