रायपुर, 19 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो गयी और यह 20 जून तक चलेगी।
उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनांदगांव और दुर्ग संभाग के प्रमुख शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। सीमित सीटों और लोकप्रिय पाठ्यक्रमों में अधिक मांग के कारण कई महाविद्यालयों में प्रतिस्पर्धा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
राजनांदगांव जिले में स्वशासी दिग्विजय महाविद्यालय सहित अन्य महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। जिले के डोंगरगांव, घुमका, डोंगरगढ़, छुरिया, एलबी नगर, ठेलकाडीह, सोमनी और आमाटोला जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के महाविद्यालयों में बी.कॉम, बीएससी, बीसीए और बीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की सीमित उपलब्धता के कारण विद्यार्थी जिला मुख्यालय के महाविद्यालयों की ओर रुख कर रहे हैं।
विद्यार्थी शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय, कमला देवी महिला महाविद्यालय, स्वशासी दिग्विजय महाविद्यालय तथा जिला मुख्यालय में संचालित अन्य निजी महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर रहे हैं। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए पहली सूची का प्रकाशन छह जुलाई को किया जाएगा।
स्वशासी दिग्विजय महाविद्यालय में आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है। महाविद्यालय प्रबंधन 23 और 24 जून को प्रथम सूची जारी करने तथा 24 जून के बाद प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी में है। महाविद्यालय में बी.कॉम के लिए 500, बीएससी मैथ्स के लिए 300, बीएससी बायो के लिए 500, बीए के लिए 550 तथा बीसीए के लिए 60 सीटें उपलब्ध हैं।
उधर दुर्ग जिले में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भारती विश्वविद्यालय तथा रूंगटा स्किल यूनिवर्सिटी में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं स्वशासी शासकीय वीवायटी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इस वर्ष संस्थान के पृथक पोर्टल के माध्यम से प्रवेश दिए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के बाद दस्तावेजों सहित आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित महाविद्यालय में जमा करनी होगी।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 16 जून से 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि कुलपति की अनुमति से रिक्त सीटों पर 14 अगस्त तक प्रवेश दिए जा सकेंगे।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के पोर्टल के माध्यम से 10 महाविद्यालयों के लिए आवेदन किया जा सकता है, जहां प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। निजी विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
शिक्षा जगत से जुड़े जानकारों के अनुसार कम शुल्क के कारण शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की पहली पसंद बने हुए हैं। इस वर्ष भी विज्ञान, वाणिज्य और बीबीए पाठ्यक्रमों में कट-ऑफ अधिक रहने की संभावना है। कई संस्थानों ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए काउंसिलिंग और हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की है।
दुर्ग जिले में स्वशासी वीवायटी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वा.वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय, वैशाली नगर और भिलाई-3 के महाविद्यालय विद्यार्थियों की प्रमुख पसंद बने हुए हैं। वहीं निजी क्षेत्र में श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भारती विश्वविद्यालय, रूंगटा स्किल यूनिवर्सिटी, कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा सेठ रतनचंद सुराणा महाविद्यालय में भी प्रवेश के लिए अच्छी मांग देखी जा रही है।
प्रदेश का एकमात्र ए प्लस ग्रेड प्राप्त साइंस कॉलेज होने के कारण वीवायटी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी और बी.कॉम पाठ्यक्रमों के लिए कट-ऑफ अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं वा.वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय में बी.कॉम, बीएससी तथा बीबीए पाठ्यक्रमों के लिए छात्राओं की सर्वाधिक रुचि देखी जा रही है।
