भोपाल:महिला डीएसपी पर चोरी का आरोप लगाने वाली महिला ठगी के मामले में गिरफ्तार, कई बड़े खुलासों की उम्मीद राजधानी भोपाल के टीटी नगर थाना पुलिस ने महिला डीएसपी पर चोरी का आरोप लगाने वाली महिला को ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला लोगों को फ्लैट और प्लॉट दिलाने के नाम पर पैसे लेती थी। साथ ही नौकरी लगवाने का झांसा देकर भी लोगों से ठगी करने के आरोप लगे हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला अटल बिहारी वाजपेयी परिसर के सरकारी प्लॉटों को निजी संपत्ति बताकर बेचने की कोशिश कर रही थी। इस पूरे मामले में 3 से 4 अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना, जो पूरे नेटवर्क को संचालित करता था, अभी फरार है।
पुलिस को अन्य शहरों से भी महिला और उसके साथियों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं। फिलहाल पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस ठगी से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
