सतना: जिला अस्पताल में गुरुवार को स्ट्रेचर को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। वार्ड नंबर-2 में भर्ती मरीज के परिजनों ने आरोप लगाया कि तीन युवकों ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि वायरल वीडियो में तीनों युवकों के अलावा सामने खड़ी महिलाये भी झूमाझटकी करती नजर आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2 में पैर फ्रैक्चर होने के कारण संस्कार दहिया नामक मरीज भर्ती है। उसके चाचा सोनू दहिया उसे बाथरूम ले जाने के लिए स्ट्रेचर बेड के पास लाए थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और स्ट्रेचर ले जाने लगे।
सोनू ने मरीज की आवश्यकता बताते हुए स्ट्रेचर रोकने का अनुरोध किया, जिस पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने सोनू दहिया और उनकी पत्नी रचना के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से वार्ड में अफरा-तफरी मच गई।
अन्य मरीजों के परिजनों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के समय अस्पताल का कोई स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था। सोनू दहिया ने अस्पताल चौकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
