राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान की प्रेरणा हैं महाराणा प्रताप : बंशीलाल गुर्जर

मंदसौर। जिला राजपूत समाज संगठन के तत्वावधान में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर भव्य चल समारोह एवं सामाजिक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि महाराणा प्रताप राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान के अद्वितीय प्रतीक हैं। उन्होंने घास की रोटी खाकर भी राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया, लेकिन कभी समझौता नहीं किया। नई पीढ़ी को उनके जीवन से राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सभी को साथ लेकर चलने की भावना सिखाती है। वर्तमान समय में परिवारों के विघटन और सामाजिक संतुलन के बिगड़ने पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार व्यवस्था समाज को मजबूत बनाती है और सामाजिक नेतृत्व का आधार भी यही है।

समारोह में समाज के संरक्षक एवं पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक जाति या समाज तक सीमित नहीं हैं। उनका जीवन सभी वर्गों और जातियों को साथ लेकर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमा देवी गुर्जर का आभार भी व्यक्त किया।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेन्द्रसिंह गुर्जर ने कहा कि महाराणा प्रताप का स्मरण हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने पन्नाधाय के त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए अपने पुत्र का बलिदान देने जैसी मिसाल इतिहास में विरल है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमा देवी गुर्जर ने कहा कि युवाओं को महाराणा प्रताप के जीवन से त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा लेकर अपने चरित्र का निर्माण करना चाहिए। वहीं नगर परिषद शामगढ़ अध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप के शौर्य और पराक्रम की गाथाएं युवाओं तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला राजपूत समाज संगठन के जिलाध्यक्ष ठा. रूघनाथसिंह काचरिया ने अतिथियों का स्वागत किया तथा समाज की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने समाजजनों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में महाराणा प्रताप जयंती को और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

सभा को तेजपालसिंह धाकड़ी, अजयसिंह चौहान, शिवराजसिंह घटावदा एवं अशोकसिंह जादौन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीतिपालसिंह राणा ने किया तथा आभार भूपेन्द्रसिंह राठौर ने माना।

इस अवसर पर शामगढ़ नगर परिषद द्वारा बहुमूल्य चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित किए जाने पर जिला राजपूत समाज एवं शामगढ़ इकाई की ओर से विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

निकला भव्य चल समारोह

महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित भव्य चल समारोह का शुभारंभ जिलाध्यक्ष रूघनाथसिंह काचरिया एवं ट्रस्ट अध्यक्ष अजयसिंह चौहान द्वारा महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने चल समारोह का स्वागत किया। इनमें अग्रवाल समाज, ग्वाला समाज, विश्व हिंदू परिषद, शहर कांग्रेस कमेटी, सकल जैन समाज, सिंधी समाज, पोरवाल समाज सहित अनेक संगठनों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में समाजजन, महिला इकाई के पदाधिकारी, युवा वर्ग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला सचिव भूपेन्द्रसिंह खेड़ी ने दी।

Next Post

टेंपो से उतरते ही पिकअप ने युवक को कुचला, मौत, माता-पिता के साथ खेड़ा माताजी मंदिर से लौट रहा था, अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

Wed Jun 17 , 2026
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र में धनेरिया कला मार्ग पर मंगलवार देर शाम सडक़ हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक अपने माता-पिता के साथ धार्मिक स्थल से लौट रहा था। टेंपो से उतरते ही पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन […]

You May Like