दिल्ली: ठंडी हवाओं, बारिश के कारण भीषण गर्मी से राहत

नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं के चलने और हल्की बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट आयी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें हुयीं। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश नजफगढ़ में दर्ज की गई, जहां सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 24 मिमी वर्षा हुयी। इसके अलावा पालम में नौ मिमी, जबकि सफदरजंग और आयानगर में क्रमशः 2.8 मिमी और 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में साफ गिरावट आयी। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन से 4.2 डिग्री कम है। पालम और आयानगर में भी तापमान 32 से 33 डिग्री के आसपास रहा, जहां पांच डिग्री तक की गिरावट देखी गयी।

विभाग के मुताबिक, यह बदलाव 15से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण हुआ, जिनकी गति कभी-कभी 46 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गयी।

हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। अगले दिन तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। इसके बाद बारिश कम होने के साथ तापमान फिर बढ़ेगा और रविवार तक पारा करीब 39 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Next Post

जीडीए उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने की जनसुनवाई

Tue Jun 16 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने मंगलवार को कार्यालय में जनसुनवाई कर समस्याओं का निराकरण किया। जनसुनवाई में 15 प्रकरणों में से चार का तत्काल निराकरण किया गया। जनसुनवाई में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री डीडी मिश्रा, संपदा अधिकारी बृजेश शर्मा, तकनीक शाखा प्रभारी सुनील शुक्ला, […]

You May Like