नई दिल्ली | कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन खारिज किए जाने के खिलाफ दायर रिट याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। कोर्ट नंबर 6 में होने वाली इस सुनवाई में रिटर्निंग ऑफिसर के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें हलफनामे में कथित अनियमितताओं का हवाला देकर नटराजन का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया था।
राहुल गांधी ने लगाया ‘सीट चोरी’ का आरोप
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘सीट चोरी’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस उम्मीदवार ने सभी दस्तावेज सही जमा किए थे, फिर भी बीजेपी की तुच्छ आपत्ति पर नामांकन रद्द कर दिया गया।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल
राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी को फॉर्म में गलत नाम और जानकारी देने के बावजूद आयोग ने सुधार के लिए अतिरिक्त समय दिया था। कांग्रेस का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इस मामले में पूर्व में मुख्य चुनाव आयुक्त से भी मिल चुका है।

