
सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के पोड़ी-नौगाई मंडल कांग्रेस ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अमलोरी परियोजना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंडल कांग्रेस अध्यक्ष नीरेंद्र कुमार दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर सिंगरौली को 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कोल माइंस और अमलोरी परियोजना से निकलने वाली धूल, राख एवं प्रदूषण के कारण आसपास के गांवों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं खदान क्षेत्र में नियमित ब्लास्टिंग से ग्रामीणों के मकानों में दरारें पड़ रही हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। कांग्रेस ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा काचन नदी एवं नहरों पर कथित अतिक्रमण हटाने, क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की गई।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र पाठक ‘दरोगा’ ने ज्ञापन के सभी बिंदुओं को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो कन्वेयर चौराहा नौगढ़-परसौना में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन
की होगी।
