भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध प्रदेशभर में व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले पांच दिनों में विभिन्न जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थों और उनसे जुड़े वाहनों व अन्य संपत्तियों सहित 1 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक मूल्य की सामग्री जब्त की है।
सबसे बड़ी कार्रवाई आगर मालवा जिले में हुई, जहां कोतवाली पुलिस ने एक कंटेनर वाहन में विशेष रूप से बनाए गए लोहे के गुप्त चैम्बर से 321 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत लगभग 71 लाख रुपये आंकी गई है।
शिवपुरी में पुलिस ने स्मैक की बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 62.28 ग्राम स्मैक, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई गई है।
मंदसौर पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में डोडा चूरा और एमडी ड्रग्स बरामद की, जिनकी कीमत करीब 17.66 लाख रुपये है। वहीं उज्जैन में अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़कर एक किलोग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स और पांच किलोग्राम से ज्यादा गांजा जब्त किया गया। बरामद सामग्री का कुल मूल्य 16.29 लाख रुपये से अधिक है।
जबलपुर में संयुक्त पुलिस दल ने नशा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 6,600 मादक इंजेक्शन, मोबाइल फोन और एक ई-रिक्शा बरामद किया गया। इसके अलावा रतलाम, गुना, कटनी, सागर और सीधी जिलों में भी उल्लेखनीय कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करी तथा अवैध वितरण नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
