ग्वालियर:सामाजिक सरोकारों में अग्रणी संस्था ‘जन उत्थान न्यास, ग्वालियर’ द्वारा इस वर्ष भी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 14 जून को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले कुल 801 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
ग्वालियर पूर्व (विधानसभा क्रमांक 16) के विधायक एवं जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष डॉ. सतीश सिकरवार ने पत्रकार वार्ता में इस आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से न्यास विगत कई वर्षों से निरंतर इस सम्मान समारोह का आयोजन करता आ रहा है।
संस्कृति गार्डन में सुबह 10 बजे से सजेगा मंच
विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने बताया कि समारोह को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए एक विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति के निर्णय अनुसार, यह गरिमामयी कार्यक्रम 14 जून को प्रातः 10 बजे से मेला रोड, सूर्य नमस्कार चौराहा स्थित ‘संस्कृति गार्डन’ के बैंकेट हॉल में आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर नवाजा जाएगा।
दो हजार से अधिक लोगों के लिए सहभोज
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शहर के प्रबुद्ध जनों समेत करीब दो हजार से अधिक लोगों के लिए संस्था की ओर से सहभोज (भोजन) की विशेष व्यवस्था भी की गई है।पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य रूप से डॉ. राकेश अग्रवाल, संजय कट्टल, न्यास के उपाध्यक्ष विनोद जैन, कोषाध्यक्ष अवध धाकरे, सचिव अवधेश कौरव, सह सचिव के.पी. सिंह भदौरिया, नरेंद्र सिंह राजावत, सुरेश प्रजापति, महेश कुशवाह और न्यासी आदित्य सिंह सिकरवार सहित संस्था के कई पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
