नयी दिल्ली, 5 जून (वार्ता) सोशल मीडिया पर लोकप्रिय संगठन कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के आह्वान को लेकर खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद, दिल्ली पुलिस को शनिवार, 6 जून को होने वाले इस संभावित प्रदर्शन के मद्देनजर अलर्ट पर रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, खुफिया इनपुट ने इस संभावित जमावड़े को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, हालांकि दिल्ली पुलिस को अब तक इसके लिए कोई औपचारिक अनुमति का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि उनके पास इस विरोध प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं है और इस चरण में उपलब्ध जानकारी केवल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही सामने आ रही है। आमतौर पर, प्रशासन बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रदर्शन की इजाजत नहीं देता है।
इस बीच, अभिषेक दीपके नामक व्यक्ति ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके बाद के एक अपडेट में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका समूह कोई भी प्रदर्शन करने से पहले पुलिस से बकायदा अनुमति मांगेगा। उन्होंने अपने समर्थकों से यह अपील भी की कि वे उनके भारत आगमन पर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एकत्र न हों और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था को प्रभावित न होने दें।
सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम और स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं।
