महिला सुरक्षा में विफल रही है सरकार: पटवारी

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) 2024 की रिपोर्ट ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों की पोल खोल दी है।

पटवारी ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश में दहेज हत्या के 450 तथा घरेलू हिंसा के 7,514 मामले दर्ज किए गए हैं। ये आंकड़े महिला सशक्तिकरण के सरकारी दावों के पीछे की चिंताजनक हकीकत को उजागर करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि मुरैना में दहेज हत्या के 25 मामले तथा ग्वालियर में घरेलू हिंसा के 582 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण के लगातार दावों के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं दहेज और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं का शिकार क्यों हो रही हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार सामाजिक समस्याओं के समाधान की बजाय प्रचार और आयोजनों पर अधिक ध्यान दे रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दहेज हत्या और घरेलू हिंसा के सभी मामलों की विशेष समीक्षा कराने, दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को लगातार घेरती रहेगी।

Next Post

राजधानी में 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने का लक्ष्य : रेखा गुप्ता

Fri Jun 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि ‘नमो ऑक्सीजन पार्क’ सामान्य पार्कों से अलग हैं क्योंकि यहां केवल पीपल, बरगद, जामुन और आम जैसी स्वदेशी व पर्यावरणीय रूप से लाभकारी प्रजातियों को प्राथमिकता दी जा रही है। श्रीमती गुप्ता ने आज विश्व […]

You May Like