
दमोह। पिछले दिनों शहर के कुछ क्षेत्रों में हुए विद्युत व्यवधान के बाद ऊर्जा विभाग सक्रिय हुआ है। 30 मई 2026 को अधीक्षण अभियंता दमोह अमित चौहान ने वृत्त कार्यालय में जिले के सभी वितरण केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए थे कि लाइनों व ट्रांसफार्मरों का शेष मेंटेनेंस तत्काल पूरा कर उपभोक्ताओं को सुचारू बिजली दी जाए। 2 व 3 जून को दोपहर तक किल्लाई नाका स्थित शिकायत केंद्र में शहर से कुल 108 शिकायतें दर्ज हुईं. इनमें 26 शिकायतें 2 जून की थीं। अधिकारियों ने बताया कि 108 में से 67 शिकायतों का दोपहर तक निराकरण कर दिया गया है. शेष 41 शिकायतों पर विभिन्न टीमें काम कर रही हैं. मांगंज वार्ड नं. 4, कंकाली माता मंदिर, हनुमानगढ़ी, मिशन स्कूल के पास एवं वैशाली नगर दमोह में डी.ओ. फ्यूज संबंधी शिकायतों का भी त्वरित समाधान किया जा रहा है.विभाग ने उपभोक्ताओं को प्राथमिकता पर निर्बाध विद्युत प्रदाय का भरोसा दिलाया है.
