गर्मी और आधुनिक मॉल के बीच फीकी पड़ती सेक्टर-17 की रौनक

चंडीगढ़, 04 जून (वार्ता) केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ शहर की पहचान और धड़कन माना जाने वाला सेक्टर-17 आज अपनी पुरानी रौनक को खोता नजर आ रहा है। चंडीगढ़ घूमने आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद लंबे समय तक सेक्टर-17 रहा है, लेकिन बढ़ती गर्मी और शहर में विकसित हो रहे आधुनिक मॉल के कारण यहां की चहल-पहल पहले जैसी नहीं रही।

एक समय था, जब सेक्टर-17 स्थित नीलम सिनेमा मनोरंजन का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। दूर-दराज से लोग यहां फिल्में देखने आते थे। इसके अलावा खरीदारी के लिए भी सेक्टर-17 लोगों की पहली पसंद था। यहां का प्रसिद्ध फाउंटेन और खुला प्लाजा लोगों को विशेष रूप से आकर्षित करता था।

इन दिनों हालांकि भीषण गर्मी ने लोगों की आवाजाही पर असर डाला है। हाल के दिनों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि वर्तमान में भी यह लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। ऐसे मौसम में लोग खुले क्षेत्रों में जाने से बच रहे हैं, जिसका असर सेक्टर-17 की रौनक पर साफ दिखाई दे रहा है।

दूसरी ओर, चंडीगढ़ में लगातार विकसित हो रहे हाईटेक और आलीशान मॉल भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। एयर-कंडीशंड वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और मनोरंजन के नये विकल्प मिलने के कारण स्थानीय लोगों का रुझान मॉल्स की ओर बढ़ा है।

सेक्टर-17 में चंडीगढ़ का विशाल नक्शा भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा सेवा भी उपलब्ध है। चंडीगढ़ प्रशासन समय-समय पर सेक्टर-17 की खोई रौनक लौटाने के लिए विभिन्न प्रयास करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद यहां पहले जैसी भीड़ देखने को नहीं मिल रही।

आज भी बाहर से आने वाले अधिकांश पर्यटकों की इच्छा सेक्टर-17 घूमने की रहती है। उनके लिए यह स्थान चंडीगढ़ की पहचान बना हुआ है, लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि बढ़ती गर्मी और आधुनिक मॉल संस्कृति के कारण सेक्टर-17 की रौनक धीरे-धीरे फीकी पड़ती जा रही है।

 

 

Next Post

एसडीएम ने किया कृषि उपज मंडी का निरीक्षण

Thu Jun 4 , 2026
दमोह:कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशन में एसडीएम एवं मंडी प्रशासक सौरभ गंधर्व ने बुधवार को मंडी सचिव घनश्याम मुड़ा तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर कल हुई झमाझम बारिश से जिन किसानों का अनाज पानी में खराब […]

You May Like

मनोरंजन