पंतनगर/अल्मोडा, 04 जून (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को उत्तराखंड के पंतनगर हवाई अड्डे पहुंचे। यहां से उन्हें हेलीकॉप्टर से अल्मोडा जाना था लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें वापस एयरपोर्ट आना पड़ा। जहां से उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए अल्मोडा में आयोजित जनसभा में उपस्थित लोगों को सम्बोधित किया।
अल्मोडा के सोबन सिंह जीना डिग्री कॉलेज के सिमकनी मैदान में आयोजित सभा को व्हाट्सअप कॉल से संबोधित करते हुए श्री गांधी ने कहा कि उत्तराखंड को बनाने में यहां के लोगों का सपना था। ताकि यहां के युवाओं का भविष्य बने लेकिन आज राज्य अपने केन्द्र के इशारों से चलाया जा रहा है। बाहर के लोग यहां की अपार संपदा का फायदा उठा रहे हैं। जो अधिकार जनता का है उन पर चंद पूंजीपतियों का कब्जा हो गया है।
श्री गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र में मोदी सरकार ने आर्थिक संरचना तोड़ कर रख दिया है। जो उद्योग धंधे हमारे आय का साधन बनते थे उन्हें खत्म कर दिया। नोट बंदी से लोगों की जमा-पूंजी को खत्म कर दिया। छोटे कारोबारों को गलत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से खत्म कर दिया। गलत विदेश नीति से आज रूस और ईरान से तेल लेने के बजाए देश को अमेरिका के राष्ट्रपति के आदेश का इंतजार करना पड़ रहा है, क्योंकि ट्रंप के पास एपस्टीन और अडानी की फाइल है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह चाहते थे कि अल्मोड़ा आएं लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हैलिकॉप्टर नहीं उतर पाया। उन्होंने कहा कि पायलट से तीन बार निवेदन किया लेकिन पायलट ने खतरे का हवाला देते हुए इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अल्मोड़ा आएंगे और लोगों के साथ संवाद करेंगे।
इससे पहले आज सुबह से ही कांग्रेस नेता को सुनने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। सांसद और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, अल्मोडा से विधायक मनोज तिवारी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, आदेश चौहान, भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित कई लोगों ने जनसभा को संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि श्री गांधी आज अपराह्न पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। शाम को उनका मसूरी जाने का कार्यक्रम है। जबकि शुक्रवार को वह देहरादून में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
