खंडवा: कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन पुलिया इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मीटर गेज के पुराने और जर्जर रेलवे कार्यालय से लोहा निकालने के दौरान भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस मलबे की चपेट में आने से रेलवे के मास्टर क्राफ्ट्समैन पद पर कार्यरत कर्मचारी शशिकांत कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लंबे समय से खंडहर बने इस रेलवे भवन से स्क्रैप निकालने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक संरचना कमजोर पड़ने से वह ढह गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेल अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर रेस्क्यू शुरू किया गया।
मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाए जाने पर डॉक्टरों ने शशिकांत को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके साथी सहायक वीरेंद्र हाथ में चोट आने के कारण निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। मृतक शशिकांत कश्यप चार बहनों के इकलौते भाई थे और उनके निधन से 11 वर्ष व 2 वर्ष की दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जर्जर भवन में कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
