
इंदौर। इंदौर में छात्रों की गूंज नहीं, बल्कि देश में बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन होगा। यह गैर राजनीतिक कार्यक्रम है और छात्रों की समस्या एवं समाधान को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में छात्र हित में आंदोलन किया जा रहा , जो सतत चलता रहेगा। उक्त बात कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने आज पत्रकारों से चर्चा में कही।
19 सितंबर को छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर प्रभारी हरीश चौधरी पत्रकारों से कहा कि देश में लोकतंत्र बचाने के लिए राहुल गांधी ने संविधान बचाओ यात्रा निकाली थी। आज देश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो गई है। शिक्षा
सशक्तिकरण की जगह स्कूल बंद कर रहे हैं । 12 वर्षों में सरकार ने शिक्षा के लिए एक अतिरिक्त कमरा नहीं बनाया है। ओएनजीसी के सीएसआर फंड का पैसा आरएसएस को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा ,देश में छात्रों की आवाज बुलंद करने राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं। अब छात्रों की गूंज कार्यक्रम नहीं , बल्कि आंदोलन बन चुका है।
चौधरी ने कहा कि छात्रों की गूंज गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। इसमें छात्रों की मांग और समस्या से राहुल गांधी रूबरू होंगे । कल इंदौर में छात्रों की आवाज , शिक्षा, रोजगार को लेकर आंदोलन होगा। यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन निरंतर देश में शिक्षा व्यवस्था सुधार होने तक जारी रहेगा।
देश और प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है – उमंग सिंघार
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रेसवार्ता में कहा कि देश में सड़कों पर छात्रों एवं युवाओं का उतरना सिर्फ सरकार की असफलता नहीं , बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। छात्रों की गूंज युवाओं की आवाज है। राहुल गांधी युवाओं के अधिकार के लिए लड़ रहे हैं।
सिंघार ने कहा कि हमको एकजुट होकर मंच पर आना होगा। युवाओं की बात राहुल गांधी कर रहे हैं। आज प्रदेश में उच्च शिक्षा में शोध, रिसर्च का पैसा नहीं है, बजट में नहीं है। भाजपा सरकार में 72 हजार पद शिक्षक के खाली है। 90 हजार से ज्यादा बैकलॉग के पद खाली है। अतिथि शिक्षक 70 हजार से ज्यादा सड़कों पर उतरे हुए है और उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा बीजेपी छात्रों को सुविधा देने के बजाय अपने लोगों को मदद कर रही हैं। ओबीसी वर्ग परेशान हैं, 27 प्रतिशत आरक्षण नहीं देना छात्रों के साथ घोर अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यूनिवर्सिटी को 5 करोड़ मिलते थे ,अब यह राशि बंद कर दी है। सरकार शिक्षा प्रणाली आसान करना चाहती है, लेकिन नौकरी आरएसएस के लोगों को देना चाहती है। देश में छात्र अब दिए बुझाने का काम करेंगे।
राष्ट्रहित और देश भक्ति के आंदोलन में शामिल हो – पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेसवार्ता के अंत में कहा कि मध्य प्रदेश में 30 प्रतिशत शिक्षकों के पद खाली है। 8700 सौ प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के पद खाली है। प्रदेश में व्यापम, पीएसी, पटवारी, एसडीपीओ, नर्सिंग भर्ती जैसे घोटाले हो रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी के पवित्र प्रयास को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव गलत बता रहे है। प्रदेश और देश में शिक्षा में घोटाले की आवाज उठाने को झूठ की गूंज बता रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि शिक्षा में धांधली हो रही है। नीट पेपर लीक घोटाले में आरएसएस का जोशी, मेहता कौन था ? उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। कैसे कम नंबर वाला आगे और ज्यादा नंबर लाने वाला पीछे हो गया ?? साफ है कि परीक्षाओं में धांधली और मनमानी हुई है।
पटवारी ने कहा छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राष्ट्रहित का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्या शिक्षा में भ्रष्टाचार सही है , शिक्षा सरकार का दायित्व है और धांधली करने वाले पर राष्ट्र द्रोह की कार्रवाई होना चाहिए।
पटवारी बोले राहुल गांधी आज युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राष्ट्रहित और देशभक्ति का काम कर रहे हैं। देशभक्ति में आपसे सहयोग की अपेक्षा है। इस पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पूर्व मंत्री मुकेश नायक भी उपस्थित थे ।
