WPL Final: स्मृति मंधाना से 2024 का बदला ले पाएंगी जेमिमा या RCB जीतेगी दूसरा टाइटल? आज वडोदरा में महामुकाबला

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का फाइनल मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। मैच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का फाइनल मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। यह खिताबी मैच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। RCB ने 2024 में पहली बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था और अब वह दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल खेलेगी, लेकिन उसे अब भी अपने पहले खिताब का इंतजार है।

दोनों टीमें इससे पहले 2024 के फाइनल में भी आमने-सामने आई थीं, जहां RCB ने DC को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस सीजन में RCB ने लीग स्टेज में पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहते हुए सीधे फाइनल में जगह बनाई, जबकि DC ने एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।

DC का पलड़ा भारी

WPL 2026 फाइनल से पहले RCB और DC के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें दिल्ली कैपिटल्स ने 6 मैच जीते हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 3 बार जीत मिली है। मौजूदा सीजन के लीग स्टेज में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हुए थे। एक मैच में RCB ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में DC ने 7 विकेट से बाजी मारी थी।

स्मृति के पास ऑरेंज कैप का मौका

RCB की कप्तान स्मृति मंधाना ने इस सीजन में 8 मैचों में 48.33 की औसत से 290 रन बनाए हैं और वह रन लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। पहले स्थान पर मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जिन्होंने 342 रन बनाए हैं। स्मृति को उन्हें पीछे छोड़ने के लिए फाइनल में 53 रन और बनाने होंगे। स्मृति इस सीजन में RCB की टॉप स्कोरर हैं। गेंदबाजी में नदीन डी क्लर्क टीम की सबसे सफल गेंदबाज रही हैं।

पर्पल कैप की दौड़ में नंदनी

दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाज नंदनी शर्मा पर्पल कैप की रेस में दूसरे स्थान पर हैं। गुजरात जायंट्स की सोफी डिवाइन 17 विकेट के साथ टॉप पर मौजूद हैं, जबकि नंदनी के नाम 16 विकेट हैं। टॉप पर पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 2 विकेट की जरूरत है। नंदनी DC की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। बैटिंग में लिजेल ली ने 9 मैचों में 283 रन बनाए हैं।

वडोदरा की पिच रिपोर्ट

वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम की पिच सीजन की शुरुआत में धीमी थी, जिससे रन बनाना आसान नहीं था। हालांकि, पिछले कुछ मैचों में पिच बेहतर हुई है और बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिल रही है।

अब यहां रन आसानी से बन रहे हैं और लक्ष्य का पीछा करना भी अपेक्षाकृत आसान हो गया है। औसत पहली पारी का स्कोर 150–160 रन के आसपास रहा है। स्पिनर्स को कुछ मदद जरूर मिल रही है, लेकिन बल्लेबाज खुलकर खेल पा रहे हैं। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।

मौसम का हाल

आज वडोदरा में मौसम गर्म रहने की संभावना है। तेज धूप के साथ हल्की धुंध भी देखी जा सकती है। न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राहत की बात यह है कि बारिश की कोई आशंका नहीं है।

संभावित प्लेइंग XI

RCB: स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, दयालन हेमलता, नदीन डी क्लर्क, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गौतमी नायक, लिंसी स्मिथ, श्रेयांका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, लॉरेन बेल।

DC: जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), शेफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लौरा वोल्वार्ट, मरीजन कैप, निकी प्रसाद, अलाना किंग, मिन्नू मणि, स्नेह राणा, श्री चरणी, नंदनी शर्मा।

Next Post

जन्मदिन विशेष: वो भारतीय गेंदबाज जिसने बुमराह के बाद मारी टीम में एंट्री, लेकिन पहले लगा दिया विकेटों का शतक

Thu Feb 5 , 2026
अर्शदीप सिंह भारतीय क्रिकेट के खतरनाक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। आज अर्शदीप सिंह अपना 27वां जन्मदिन मना रहे है। इस समय अर्शदीप भारतीय टीम के साथ है। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज और वर्ल्ड कप 2024 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह आज 5 फरवरी […]

You May Like