
आलीराजपुर । पूर्व जनसुनवाई में प्रस्तुत एक शिक्षा ऋण संबंधी समस्या का त्वरित समाधान करते हुए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देश पर मेडिकल छात्रा सुश्री अर्चना चौहान को शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
आलीराजपुर जिले के विकासखंड सोंडवा के ग्राम खामट की निवासी सुश्री अर्चना चौहान ने जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर को आवेदन देकर बताया था कि वह मानसरोवर मेडिकल कॉलेज, सीहोर में प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उनके पिता किसान हैं तथा परिवार में तीन भाई-बहनों की पढ़ाई का खर्च वहन करना आर्थिक रूप से कठिन हो रहा है। ऐसे में उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए उन्हें शिक्षा ऋण की आवश्यकता थी। सुश्री अर्चना ने बताया कि उन्होंने अपने निवास के निकट स्थित भारतीय स्टेट बैंक, आलीराजपुर शाखा में विद्यालक्ष्मी पोर्टल के माध्यम से शिक्षा ऋण के लिए आवेदन किया था, लेकिन ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया लंबित थी। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर द्वारा मामले को गंभीरता से लेकर तत्काल एलडीएम श्री श्याम पाटीदार को आवेदन का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
एलडीएम श्री श्याम पाटीदार ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश के परिपालन में सुश्री अर्चना चौहान के आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से शिक्षा ऋण की प्रक्रिया प्रारंभ करा दी है।
समस्या के समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सुश्री अर्चना चौहान ने कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के हस्तक्षेप और सहयोग से उनकी शिक्षा संबंधी समस्या का समाधान हो गया है तथा अब उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने में किसी प्रकार की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
