लेबनान में अमेरिका के समर्थन से हमले कर रहा है इजरायल: ईरान

तेहरान, 02 जून (वार्ता) ईरान के उप-विदेश मंत्री काज़ेम गरीबाबादी ने युद्ध में इजरायल के रवैये के लिए अमेरिका को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए मंगलवार को कहा कि पश्चिमी देशों के राजनीतिक एवं सैन्य समर्थन के कारण युद्धविराम के बावजूद लेबनान की संप्रभुता पर खतरा बना रहा।

श्री गरीबाबादी ने अमेरिका को इजरायल के आक्रामक रुख का समर्थक करार दिया और कहा कि एक फोन कॉल से हमले रुकवा देने का अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा इस बात का सबूत है कि अमेरिका सीधे तौर से इजरायली शासन के हमलों के लिए जिम्मेदार है।

उल्लेखनीय है कि श्री ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की है, जिसके बाद इजरायली सेना लेबनान में हमला नहीं करेगी।

श्री गरीबाबादी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “ अगर एक आजाद देश की राजधानी पर हमला करने का फैसला सिर्फ एक फोन कॉल से बदला जा सकता है तो असली सवाल यह है कि कई महीनों तक पश्चिम के राजनीतिक एवं सैन्य समर्थन से युद्धविराम का उल्लंघन, लेबनान पर हमला, लोगों का विस्थापन और उस देश की संप्रभुता पर लगातार खतरा क्यों जारी रखा गया। ”

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम एशिया में जारी निवर्तमान क्षेत्रीय संकट सिर्फ ‘बिखरे हुए तनाव’ के कारण नहीं था, बल्कि इजरायली आक्रामकता और अमेरिका से इजरायल को मिली छूट का सीधा नतीजा था।

उल्लेखनीय है कि युद्धविराम के बावजूद लेबनान में इजरायली सेना का सैन्य अभियान जारी है। इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान में अभूतपूर्व दूरी तक घुस चुकी है। हिज्बुल्ला ने भी इजरायल के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखा है, जिसमें दक्षिणी लेबनान के साथ-साथ उत्तरी इजरायल में किये गये हमले भी शामिल हैं।

 

 

Next Post

गंगाजल बावड़ी के तल से मिला लाल पत्थर का प्राचीन शिवलिंग

Tue Jun 2 , 2026
नामली। नगर की प्राचीन और ऐतिहासिक गंगाजल बावड़ी में चल रहे सफाई अभियान के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और आस्था का माहौल बना दिया। मंगलवार को सुबह बावड़ी के तल से वर्षों पुराना लाल पत्थर से निर्मित एक शिवलिंग मिलने के बाद श्रद्धालुओं […]

You May Like