
भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने फायरिंग और चाकूबाजी की वारदात करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है. मामले में फरार चले रहे अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है. आरोपियों के पास से पुलिस ने मौके पर मिले हथियारों को जब्त कर लिया है. आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने यह वारदात की.
जानकारी के मुताबिक संजय उर्फ सन्नी नरवरिया (22) निवासी बाजपेयी नगर मल्टी ने शिकायत दर्ज कराई. संजय ने पुलिस को बताया कि वह एक युवक गुफरान के साथ मिलकर केटरिंग का काम करता है. गुफरान के दोस्त साहिल का बरेलागांव में रहने वाले रहमान उर्फ गोलू से एक युवती को लेकर पुराना विवाद चल रहा है. वारदात की रात के समय इस मुद्दे को लेकर रहमान ने अपने साथी कैफ उर्फ लाला को बुलाया. बरेलागांव में दोनों पक्षों ‘का आमना-सामना हुआ और उनके बीच विवाद होना शुरू हो गया. इस मौके पर आरोपी कैफ ने अपने पास रखी पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी. फायरिंग के दौरान एक गोली संजय को छूते हुए निकल गई. दोनों पक्षों की तरफ से इसके बाद चाकूबाजी और मारपीट हो गई. मामले की शिकायत पर मौके पर पहुंची कोहेफिजा पुलिस ने आरोपी कैफ, साहिल और आरिश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से मिली पिस्टल और चाकू बरामद की है. वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है.
