योजना के कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : 02 जुलाई, 2024

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में एक बैठक में सिंहस्थ : 2028 के लिए प्रस्तावित कार्य योजना के अंतर्गत शिप्रा नदी को प्रदूषण रहित बनाने की योजना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की।

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कान्ह नदी के व्यपवर्तन, कान्ह नदी पर 11 बैराजों के निर्माण, सिंहस्थ के लिए शिप्रा नदी में निरंतर जल प्रवाह योजना और शिप्रा नदी पर प्रस्तावित 18 बैराजों के निर्माण और शिप्रा नदी पर स्नान आदि के बेहतर प्रबंध के लिए घाटों के निर्माण और विकास के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। यह निर्माण कार्य चलने से स्थानीय निवासियों को कोई असुविधा न हो, यह भी ध्यान रखा जाए। बैठक में कार्यों की प्रगति का विवरण प्रजेंटेशन द्वारा दिया गया है। इसके अंतर्गत शिप्रा नदी पर प्रस्तावित संरचनाओं, प्रस्तावित बैराजों के निर्माण और आवश्यक घाटों के निर्माण से संबंधित जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घाटों के निर्माण में ऐसे पत्थर एवं सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए जो दीर्घ काल तक उपयोगी हों।

बैठक में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास विभाग डॉ. राजेश राजौरा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख सचिव श्री संजय कुमार शुक्ला उपस्थित थे।

Next Post

क्षिप्रा नदी हर हाल में हो प्रदूषण मुक्त: यादव

Tue Jul 2 , 2024
भोपाल, 02 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि क्षिप्रा नदी को हर हाल में प्रदूषण मुक्त बनाया जाएगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार डॉ यादव ने आज यहां समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में बैठक में सिंहस्थ: 2028 के लिए प्रस्तावित कार्य योजना के अंतर्गत क्षिप्रा […]

You May Like