
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के संबंध में की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए उसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री जैसे गरिमामय और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से मर्यादित भाषा और पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।
अरुण यादव ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक और वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में संवाद की मर्यादा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से अपने बयान पर खेद व्यक्त करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति के नाम पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है और कांग्रेस पार्टी अपने सम्मान से जुड़े किसी भी मुद्दे पर मजबूती से अपनी बात रखेगी।
