ग्वालियर: मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन ग्वालियर के कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश शर्मा एवं उपाध्यक्ष एस एल शाक्य ने बताया कि विगत माह ऊर्जा मंत्री के सहयोग एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ग्वालियर के प्रांतीय अध्यक्ष एस के जायसवाल के प्रयास से सभी विद्युत कंपनियों के साथ मध्य क्षेत्र कंपनी में भी लागू हुई कैशलेस हेल्थ बीमा पॉलिसी की संपूर्ण जानकारी देने के लिए बीमा पॉलिसी एवं विद्युत कंपनी के मिडिएटर”मेडसे” कंपनी के हेड, वाइस प्रेसिडेंट विनय कुमार रिछारिया 1 जून को ग्वालियर आ रहे हैं।
उनके द्वारा रोशनी घर ग्वालियर स्थित श्रम कल्याण केंद्र में सायं 5 बजे एक प्रेजेंटेशन दिया जाकर कैशलेस हेल्थ बीमा पॉलिसी की विस्तृत जानकारी दी जाएगी जिसमें पॉलिसी का कार्ड इशू होना,अस्पताल की लिस्ट, बीमार होने पर अस्पताल में एडमिट होने की स्थिति में पहले व बाद की जानकारियां, किस-किस बीमारी का इलाज हो सकेगा, किस में कितना क्लेम मिलेगा, लिस्टेड हॉस्पिटल नहीं होने पर प्रतिपूर्ति की राशि कितनी मिलेगी, हेल्थ चेकअप, उसका तरीका आदि जानकारी रिछारिया द्वारा दी जाएगी।
ज्ञातव्य है कि विद्युत मंडल द्वारा विद्युत विभाग के नियमित कर्मियों एवं पेंशनर्स के लिए कैशलेस हेल्थ बीमा पॉलिसी लागू की गई है जिसके तहत 500 रुपए में 5 लाख एवं 1000 में 10 लाख एवं 2000 प्रति माह वेतन कटौती में 25 लाख की कैशलेस बीमा पॉलिसी मिलेगी।ग्वालियर क्षेत्र की सभी शाखाओं जिसमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, डबरा, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, श्योपुर आदि शाखाएं शामिल है के साथियों से कहा गया है कि वह हर शाखा से एक या दो की संख्या में इस प्रेजेंटेशन में आएं और विशेष जानकारी लेकर अपने क्षेत्र के पेंशनर्स को अवगत कराये।
1 जून को उक्त बैठक में पेंशनर्स एसोसिएशन ग्वालियर द्वारा विगत 28 अप्रैल को ऊर्जा सचिव के साथ भोपाल में बैठक की विस्तृत जानकारी के साथ-साथ शीघ्र ही मध्य क्षेत्र के पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं पर प्रबंध संचालक मध्य क्षेत्र भोपाल के साथ होने वाली बैठक की चर्चा एवं संगठन की आगे होने वाली कार्यवाहियों की जानकारी भी प्रांतीय अध्यक्ष एसके जायसवाल द्वारा दी जावेगी।
