बारिश और ओलावृष्टि से शाकुम्बरी देवी शक्तिपीठ में हालात गंभीर,श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक

सहारनपुर, 29 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध मां शाकुम्बरी देवी शक्तिपीठ क्षेत्र में शुक्रवार तड़के भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण अचानक आई भीषण बाढ़ से हालात गंभीर हो गए। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में 48 घंटे का हाईअलर्ट घोषित करते हुए श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना मिर्जापुर क्षेत्र स्थित मां शाकुम्बरी देवी मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में बीती रात करीब ढाई बजे तेज बारिश और ओलावृष्टि के बाद अचानक जलस्तर बढ़ गया, जिससे कई दुकानें, वाहन और अस्थायी ढांचे बाढ़ की चपेट में आ गए। इस आपदा में एक अज्ञात महिला समेत दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में सावित्री देवी पत्नी चंद्रभान का नाम शामिल है। इसके अलावा तीन श्रद्धालुओं के लापता होने की भी सूचना है, जिनकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

थाना मिर्जापुर के प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने बताया कि बाढ़ के तेज बहाव में दर्जनों वाहन बह गए तथा कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे पूरे क्षेत्र में घंटों तक बिजली व्यवस्था बाधित रही। भारी बारिश से क्षेत्र की कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

पुलिस कमिश्नर डॉ. रूपेश कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करने तथा विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता और नुकसान की भरपाई का आश्वासन भी दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार सुबह जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने मां शाकुम्बरी क्षेत्र पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों को खाली कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अगले 48 घंटे तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भेज रही हैं।

उल्लेखनीय है कि सहारनपुर जनपद में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। गुरुवार देर शाम अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं, ओलावृष्टि तथा मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।

मौसम की मार से आम की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन कृषि और संपत्ति क्षति का आकलन कराने में जुटा हुआ है। फिलहाल मां शाकुम्बरी देवी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ राहत कार्यों में लगा है।

 

 

 

 

Next Post

गांव, गरीब और दिल्ली देहात विरोधी मानसिकता का प्रतीक है प्रदेश भाजपा का नया नेतृत्व : डॉ. नरेश कुमार

Fri May 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश के नये नेतृत्व को गांव, गरीब, मजदूर, पिछड़े और देहात विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया है। डॉ. नरेश ने केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का […]

You May Like