अगले पांच वर्षों के दौरान 200 अत्याधुनिक इंटरसिटी ट्रेनों का निर्माण करेगी काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई: रेलवे

नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) रेलवे ने कहा है कि तेलंगाना में काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई अगले पांच वर्षों के दौरान 200 अत्याधुनिक इंटरसिटी ट्रेनों का निर्माण करेगी। रेलवे ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जल्द ही रेलवे की काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई इन ट्रेनों का निर्माण शुरू करेगी । यह बहुमुखी रेलवे रोलिंग स्टॉक निर्माण इकाई अगले पांच वर्षों में 200 इंटरसिटी ट्रेनों का निर्माण करेगी। विज्ञप्ति में कहा गया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गुरुवार को यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई को चालू करने की योजनाओं की समीक्षा की।

रेलवे के अनुसार आमतौर पर ये लगभग 300 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और इस यात्रा में कई ठहराव होंगे ताकि नागरिक कस्बों और शहरों के बीच आसानी से आवागमन कर सकें। ये ट्रेनें विद्यार्थियों और आम लोगों की यात्रा जरूरतों को पूरा करेंगी, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और काम की ज़रूरतों के लिए यात्रा करते हैं। रेलवे ने कहा है कि ये इंटरसिटी ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगी। इनमें दरवाज़ों का अपने आप बंद होना, बेहतर वेंटिलेशन और 20 कोचों की संरचना वाला सुरक्षित कोच डिज़ाइन और हर कोच में दो शौचालय की सुविधा होगी। इसके अलावा इन इंटरसिटी ट्रेनों में आधुनिक झटका-मुक्त कपलर और बोगियां होंगी। इन ट्रेनों को 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

रेलवे ने बताया कि इन ट्रेनों में ‘रीजेनरेटिव ब्रेकिंग’ की सुविधा भी होगी। इसका अर्थ है कि जब ट्रेन ब्रेक लगाएगी, तो वह बिजली पैदा करने वाले जनरेटर के रूप में काम करेगी और उस उत्पन्न हुई बिजली को वापस ग्रिड में भेज देगी। इसलिए यह ऊर्जा के मामले में बहुत कुशल है। यह परिवहन का एक अधिक पर्यावरण-अनुकूल (ग्रीनर) माध्यम है और सड़क परिवहन की तुलना में इससे कार्बन उत्सर्जन काफी कम होगा। रेलवे के इतने बड़े बेड़े को शुरू करने से पूरे देश में पर्यावरण-अनुकूल और स्वच्छ परिवहन की क्षमता में वृद्धि होगी।

.....

Next Post

सीबीएसई के 18.50 लाख छात्रों के भविष्य से हुआ खिलवाड़, प्रधान जिम्मेदार: राहुल

Thu May 28 , 2026
नयी दिल्ली 28 मई (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार ठहराते हुये कहा है कि इस प्रणाली की वजह से 18.50 लाख छात्रों के भविष्य से […]

You May Like