
खण्डवा: विधायक खण्डवा श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में नगर निगम खण्डवा के तहत संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, नगर निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, सांसद प्रतिनिधि श्रीमती चारूलता मंगल यादव सहित पार्षदगण, सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर सिंह, आयुक्त नगर निगम श्रीमती प्रियंका राजावत एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में विधायक श्रीमती तन्वे ने निर्देश दिए कि खण्डवा शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं।
विधायक श्रीमती तन्वे ने बैठक में निर्देश दिए कि ग्रीष्म ऋतु में अभी शहरी क्षेत्र में हर वार्ड में पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखें। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधीन संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की नियमित रूप से हर माह समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा से विकास कार्यों में गति आती है। बैठक में विधायक श्रीमती तन्वे ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, निःशक्त पेंशन, कल्याणी पेंशन योजना के तहत पेंशन वितरण की जानकारी ली। उन्होंने बैठक में विधायक निधि के तहत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की।
इसके अलावा श्रीमती तन्वे ने बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, सीएम कन्या विवाह योजना, सीएम कन्या अभिभावक योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना की भी समीक्षा की। बैठक में विधायक श्रीमती तन्वे ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आगामी 10 वर्षों में किए जाने वाले विकास कार्यों की व्यवस्थित कार्ययोजना बनाएं और उसी के अनुरूप कार्य करें। महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने बैठक में कहा कि नगर निगम का नया कार्यालय भवन बनकर तैयार हो गया है। फर्निचर का कुछ शेष कार्य पूर्ण होते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध कर इसका लोकार्पण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के पुराने भवन के स्थान पर 5 मंजिला नया शॉपिंग मॉल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्षा शुरू होने से पूर्व रामेश्वर कुंड और पदम कुंड के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। महापौर श्रीमती यादव ने बताया कि रामेश्वर कुंड के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए 2.60 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं, जबकि प्राचीन पदम कुंड का जीर्णोद्धार लगभग 1.40 करोड़ रूपए लागत से कराया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के तहत राजा हरिश्चन्द्र मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए 2.55 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्र में विकास कार्यों की नगर निगम के अधिकारियों के साथ साथ क्षेत्रीय पार्षदगण भी मॉनिटरिंग करते हैं।बैठक में आयुक्त श्रीमती राजावत ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में लगभग 7.50 करोड़ रूपए लागत से प्रमुख मार्गों का डामरीकरण एवं सीसी निर्माण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि गौरीकुंज ऑडिटोरियम का उन्नयन कर “गीता भवन” के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 2 करोड़ रूपए के कार्यों की निविदा जारी कर दी गई है।
