देश की परीक्षा प्रणाली से युवाओं का भरोसा समाप्त हो रहा : रघु ठाकुर

सागर: लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के संरक्षक व वरिष्ठ समाजवादी विचारक रघु ठाकुर ने आरोप लगाया है कि देश की परीक्षा प्रणाली से युवाओं का भरोसा समाप्त होता जा रहा है और प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।श्री ठाकुर ने आज यहां अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि लगातार दूसरे वर्ष भी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सरकार ने इससे कोई सबक नहीं लिया और न ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा का संचालन करने वाली समिति ने फीस के नाम पर करोड़ों रुपए का लाभ कमाया है। उन्होंने कहा कि जो सरकार पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था को ठीक ढंग से संचालित नहीं कर पा रही है, उसे नैतिक आधार पर जवाबदेही तय करनी चाहिए।श्री ठाकुर ने कहा कि अमेरिका की वीजा नीति के कारण बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों को वापस लौटना पड़ा है, जिससे उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण भारतीय प्रतिभाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक करने वाले गिरोह का संबंध शिक्षा मंत्रालय से जुड़े लोगों से है और इस मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।विदेश नीति के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण तेल और गैस संकट की स्थिति बन रही है, जिससे महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने और एक परिवार एक कार जैसी नीति लागू करने की आवश्यकता बताई।

रेल परियोजनाओं के संबंध में श्री ठाकुर ने कहा कि ललितपुर-सागर-छिंदवाड़ा रेललाइन का दो बार सर्वे हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद तीसरी बार सर्वे की बात कही जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि जनता को गुमराह कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि छतरपुर और पन्ना क्षेत्र में रेललाइन के लिए बड़ी संख्या में पेड़ काटे गए थे और अब नए ट्रैक के नाम पर फिर पेड़ों की कटाई की तैयारी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पहाड़ों में सुरंग बनाकर रेललाइन का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि पर्यावरण की रक्षा हो सके।

Next Post

उच्चतम न्यायालय ने अमेज़न को दी राहत, 202 करोड़ के जुर्माना को किया रद्द

Wed May 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 मई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय अधिकरण (एनक्लैट) के उस फैसले को खारिज कर दिया जिसमें फ्यूचर समूह के साथ अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न के निवेश समझौते के निलंबन को बरकरार रखा गया था। उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने […]

You May Like