बुधनी। सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना द्वारा अनुभाग का विस्तृत भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया. उन्होंने सलकनपुर मंदिर, आवली घाट, बुदनी घाट एवं बांद्राभान घाट पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए. एसपी ने थाना रेहटी, थाना बुदनी, थाना शाहगंज एवं एसडीओपी कार्यालय का निरीक्षण किया. अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरण, माल खाना, हवालात एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. थाना प्रभारियों को लंबित अपराधों एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने हेतु निर्देशित किया. साथ ही अनुशासन, समयबद्ध कार्य प्रणाली एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी राजेश कहारे, दिनेश सिंह चौहान व संदीप जाट उपस्थित थे.
