मेघदूत नगर में पत्नी की हत्या के बाद खुदकुशी केस में नया मोड़

इंदौर:मेघदूत नगर में पत्नी की हत्या के बाद पति की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है. महिला के कथित प्रेमी और मुख्य आरोपी सतीश सावले ने भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली, जिससे मामले में अब तीसरी मौत हो गई है.रविवार सुबह मेघदूत नगर निवासी हल्केवीर पटेल ने पत्नी रोशनी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी. शुरुआती जांच में सामने आया कि उसने पहले पत्नी को जबरन जहर पिलाने की कोशिश की, विरोध करने पर मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद खुद भी जहर खाकर जान दे दी. घटना के बाद परिजन दोनों के शव होशंगाबाद के पास बनखेड़ी गांव ले गए, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

इसी बीच मामले में नामजद आरोपी और पत्नी का प्रेमी सतीश सावले रविवार शाम खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र के घाटाखेड़ी गांव पहुंचा. यहां परिवार से मिलने और नाबालिग भांजी को छोड़ने के बाद उसने भी जहर खा लिया. ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. जांच में सामने आया कि हल्केवीर पटेल कुछ दिन पहले अपने साले के साथ सतीश सावले को समझाने गया था, जहां दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी. इसी के बाद सतीश ने बेटमा थाने में हल्केवीर और उसके साले के खिलाफ केस दर्ज कराया था.

पत्नी पर प्रेमी को फोन कर एफआईआर वापस लेने का दबाव बना रहा था पति

घटना वाली रात हल्केवीर ने पत्नी रोशनी को विवाद का जिम्मेदार ठहराते हुए रोशनी ने सतीश से फोन पर बात कर एफआईआर वापस लेने को कहा था, लेकिन उसने इनकार कर दिया. देर रात घर में मौजूद परिजन चले गए, जिसके बाद हल्केवीर ने वारदात को अंजाम दिया. मामले में मिले सुसाइड नोट में हल्केवीर ने पत्नी के प्रेम संबंधों का जिक्र करते हुए सतीश सावले को जिम्मेदार ठहराया है. उसने बेटी की जिम्मेदारी साली को सौंपने और संपत्ति उसके बालिग होने पर देने की बात भी लिखी है. साथ ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी.

प्रेमी की भी मौत के बाद नए सिरे से की जा रही है जांच
हीरानगर थाना प्रभारी सतीश पटेल ने बताया कि सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर पहले ही सतीश सावले के खिलाफ केस दर्ज किया था. पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन दंपती की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया था. उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन अब उसकी भी मौत के बाद पूरे मामले की जांच नए सिरे से की जा रही है

Next Post

श्रीनगर रहवासियों को 20 साल पुरानी पानी की समस्या से मिली निजात

Tue May 26 , 2026
इन्दौर: भीषण गर्मी के दौर में जहां शहर के कई हिस्सों में लोग पानी के लिए परेशान हैं, वहीं श्रीनगर क्षेत्र के रहवासियों को वर्षों पुरानी पानी की समस्या से राहत मिली है. नवभारत द्वारा लगातार खबर प्रकाशित कर समस्या को नगर निगम के संज्ञान में लाया गया. इसी का […]

You May Like