
रतलाम। मोती नगर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। डांस कार्यक्रम के दौरान शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट और फिर पथराव तक पहुंच गई। देर रात हुए हंगामे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार शादी समारोह में चल रहे डांस कार्यक्रम को देखने कुछ स्थानीय युवक पहुंचे थे। इसी दौरान बारातियों और युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के बाद कुछ युवक मौके से चले गए, लेकिन थोड़ी देर बाद चेहरे पर कपड़ा बांधकर दोबारा लौटे। आरोप है कि उन्होंने आते ही क्षेत्र में खड़ी गाडिय़ों और आसपास के मकानों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से लोग घरों में दुबक गए और शादी समारोह में भगदड़ जैसे हालात बन गए। थाना प्रभारी विक्रम चौहान ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से मारपीट को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, वाहन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी हुई है।
पथराव में कई वाहनों के कांच टूटे
पथराव में कई वाहनों के कांच टूट गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर माणकचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
