नयी दिल्ली 23 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अमित गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली गेट वार्ड क्षेत्र के नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की और उनसे नेहरू हिल पार्क में लगे अवैध बकरा बाजार को नगर निगम की ओर से वैध किये जाने की कार्रवाई को रद्द करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमती गुप्ता को बताया कि दिल्ली नगर निगम अधिकारियों द्वारा दिल्ली गेट वार्ड के माता सुंदरी रोड़ क्षेत्र के कुछ अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े लोगों के दबाव में रामलीला मैदान स्थित नेहरु हिल पार्क को एक फर्जी निवासी कल्याण संघ (आरडब्लूए) को आवंटित किए जाने से सभी समुदायों के सभ्य नागरिकों में रोष है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार आठ मई से कुछ असामाजिक तत्वों ने पहली बार रामलीला मैदान के सामने स्थित नेहरू हिल पार्क पर कब्जा कर वहां बकरे बांध कर ईद का बकरा बाजार खोल दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के शहरी क्षेत्र के बागवानी विभाग ने दो बार सम्बंधित पुलिस थाने में शिकायत देकर पार्क से अवैध कब्जा खाली करवाने का प्रयास किया पर कब्जा खाली नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि कल अचानक सामने आया कि दिल्ली नगर निगम ने सम्भवतः असामाजिक तत्वों एवं स्थानीय विधायक आले मोहम्मद के दबाव में नेहरू हिल पार्क एक लाख सात हजार रुपये लेकर 21 से 27 मई तक के लिए किसी मो. अकलाख की फर्जी आरडब्लूए के नाम आवंटित कर दिया है जिसके बाद से माता सुंदरी रोड़, गांधी मार्किट एवं मिंटो रोड़ के नागरिकों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि रसीद में कहीं भी बकरा बाजार लगाने का जिक्र नहीं है, यह साफ तौर पर नगर निगम अधिकारियों को डरा धमका कर रसीद कटवा कर अवैध को वैध करने का मामला है। श्री गुप्ता ने कहा विगत 70 साल में मिली जुली आबादी वाले इस क्षेत्र के इस नेहरु हिल पार्क में कभी बकरा बाजार नहीं लगा और आज जब दिल्ली सरकार साफ कह रही है कि किसी सार्वजनिक स्थल पर बकरे नही काटने दिए जायेंगे। ऐसे में नगर निगम द्वारा पार्क का आवंटन गलत है और हमने मुख्य मंत्री से इसे रद्द करवाने की मांग की है और उन्होंने हमें उचित कार्रवाई करने को लेकर आश्वस्त किया है।

