पेट्रोल, डीजल, सीएनजी फिर महंगी

नयी दिल्ली, 23 मई (वार्ता) पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की गयी है। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। दूसरे शहरों में भी इसी अनुपात में वृद्धि की गयी है। चार-चार दिन के अंतराल पर दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम लगातार तीसरी बार बढ़ाये गये हैं। दिल्ली और आसपास के शहरों में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने आज से सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिये हैं। नौ दिन में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले, 15 मई को भी कंपनी ने सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाये गये थे। दिल्ली में आज से एक लीटर पेट्रोल 99.51 रुपये का और डीजल 98.64 रुपये का हो गया है। पहले इनकी कीमत क्रमशः 98.64 रुपये और 91.58 रुपये प्रति लीटर थी। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजील के दाम दिल्ली में तीन-तीन रुपये बढ़े थे। इसके बाद 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था।

कोलकाता में आज से पेट्रोल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 110.64 रुपये और डीजल की 95 पैसे बढ़कर 97.02 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गयी है। चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे और डीजल 87 पैसे महंगा हुआ है। आज से वहां एक लीटर पेट्रोल 105.31 रुपये का और एक लीटर डीजल 96.98 रुपये का हो गया है।
पश्चिम एशिया में जारी संकट और आपूर्ति में बाधा के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और डॉलर की तुलना में रुपये में जारी गिरावट से तेल विपणन कंपनियों की लागत बढ़ रही है। यही कारण है कि वे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही हैं। इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 87 पैसे बढ़ाकर 106.63 रुपये और प्रीमियम डीजल एक्सजी की कीमत 91 पैसे बढ़ाकर 97.81 रुपये प्रति लीटर कर दी है।

शहरी गैस वितरण कंपनी आईजीएल की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से सीएनजी 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी। पहले इसकी कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी। दूसरे शहरों में भी आईजीएल ने कीमतों में दो-दो रुपये की वृद्धि की है। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक किलोग्राम सीएनजी आज से 89.70 रुपये का हो गया है। गुरुग्राम में इसकी कीमत अब 86.12 रुपये हो गयी है। अब मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी 89.58 रुपये प्रति किग्रा, रेवाड़ी में 85.70 रुपये, करनाल और कैथल में 86.43 रुपये तथा कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में 92.42 रुपये प्रति किग्रा के भाव मिलेगी। अजमेर, पाली और राजसमंद में अब सीएनजी की कीमत 90.44 रुपये, मोहाबा, बांदा और चित्रकूट में 87.42 रुपये, हापुड़ में 90.70 रुपये तथा गौतम बुद्ध नगर में 89.70 रुपये और ग्रेटर नोएडा में 89.70 रुपये प्रति किलोग्राम होगी।

.....

Next Post

फ्रेंच ओपन रविवार से, सिनर और जोकोविच अलग-अलग हाफ में

Sat May 23 , 2026
पेरिस, 23 मई (वार्ता) वर्ष का दूसरा ग्रैंड सलेम फ्रेंच ओपन रविवार से शुरू होगा। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जानिक सिनर और 24 ग्रैंड स्लैम खिताबों के विजेता नोवाक जोकोविच को ड्रा के अलग-अलग हाफ में रखा गया है। पुरुषों के वर्ग में सभी की निगाहें मुख्य रूप से […]

You May Like