ऋषिकेश, 22 मई (वार्ता) उत्तराखंड में ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र स्थित काले की ढाल में बाहरी राज्य से घूमने आए पर्यटकों के साथ हुई मारपीट, जानलेवा हमले और वाहन तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मई को हरियाणा के कैथल जिला निवासी सतवीर अपने साथियों के साथ वाहन से ऋषिकेश घूमने आए थे। काले की ढाल क्षेत्र में एक महिला से हुई कथित गलतफहमी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पर्यटकों के साथ मारपीट कर दी, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं और उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया।
लगातार दबिश के बाद आज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भरत विहार ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक थापा (47) और नरेश कश्यप (41), निवासी काले की ढाल, आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
