सिंगरौली: आगामी 23 से 25 मई तक आयोजित होने जा रहे “सिंगरौली महोत्सव 2026” की तैयारियों को लेकर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैढ़न स्थित राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक रामनिवास शाह ने मंच निर्माण, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
विधायक ने 23 मई को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav के प्रस्तावित सिंगरौली आगमन को लेकर भी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जाए ताकि कार्यक्रम गरिमामयी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।उन्होंने कहा कि “सिंगरौली महोत्सव” जिले की सांस्कृतिक पहचान, लोक कला, लोक संगीत एवं क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।
यह महोत्सव जिले की संस्कृति और गौरव को नई पहचान देगा।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती Radha Singh, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, वार्ड पार्षद एवं महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री श्रीमती सीमा जायसवाल, जिला कलेक्टर गौरव बैनल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
