इंदौर: एमआईजी थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर नाम और धर्म छिपाकर दोस्ती करने, फिर जबरन दुष्कर्म करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह प्रायवेट कंपनी में नौकरी करती है और करीब तीन-चार साल पहले उसकी मुलाकात आरोपी से नौकरी दिलाने के बहाने हुई थी. आरोपी ने अपनी असलियत छिपाकर अपना नाम राहुल उर्फ आरके बताया. आरोपी ने पहले दोस्ती की. फिर वर्ष 2022 में आरोपी, युवती को श्रीनगर क्षेत्र स्थित श्रीदेवी अपार्टमेंट के किराए के फ्लैट पर ले गया, जहां उसे कमरे में बंद कर उसकी मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपी लगातार धमकाकर कई बार उसके साथ जबरदस्ती करता रहा. विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज भी की जाती थी.
खुद को डॉक्टर बताता है आरोपी, जबकि उसके पास कोई वैध डिग्री नहीं है
पीड़िता का आरोप है कि बाद में दस्तावेज देखने पर आरोपी की वास्तविक पहचान उसके सामने आई. इस पर जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने कहा कि उसने जानबूझकर अपनी पहचान छिपाई थी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि मार्च 2026 में आरोपी ने आखिरी बार जबरदस्ती की और इसके बाद से मोबाइल बंद कर फरार हो गया. आवेदन में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी खुद को डॉक्टर बताकर विभिन्न अस्पतालों में काम करने की बात कहता था, जबकि उसके पास कोई वैध डिग्री नहीं है.
कई हिंदू युवतियों को झांसे में लेकर रेप कर चुका है आरोपी
युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी कई हिंदू युवतियों को झांसे में लेकर संबंध बना चुका है. हालांकि इन आरोपों की पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. पुलिस ने बताया कि आरोपी खरगोन जिले के भावसार मोहल्ला क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी तलाश की जा रही है. मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. घटना के बाद राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह दीक्षित, मनीष सिंह सिसोदिया, मानसिंह राजावत और युवराज सिंह ठाकुर समेत अन्य कार्यकर्ता भी एमआईजी थाने पहुंचे और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की
