जबलपुर: संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। नगर निगम द्वारा महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में पीएम स्वनिधि योजना के तहत एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया गया है। योजना के बेहतरीन क्रियान्वयन के चलते जबलपुर नगर निगम को पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके लिए भारत सरकार द्वारा भी नगर निगम की सराहना की गई है।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि मात्र 9 माह में 13 हजार परिवारों को व्यवसाय से जोड़ने की जो ऐतिहासिक उपलब्धि नगर निगम को प्राप्त हुई है उसके लिए उन्होंने टीम के सभी सदस्यों को श्रेय दिया है। नगर निगम के कड़े प्रयास और संवेदनशीलता के कारण शहर के लगभग 13 हजार जरूरतमंद परिवारों को करीब 31 करोड़ रुपये की ऋण राशि का वितरण किया गया है। इस आर्थिक संबल ने रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों को ब्याज के दुष्चक्र से मुक्त कराकर आत्मनिर्भरता की एक नई राह दिखाई है। देश में तीसरा स्थान मिलना पूरे जबलपुर के लिए गौरव की बात है।
कुछ इस तरह वितरित हुई राशि
विदित हो कि जबलपुर नगर निगम ने बेहद पारदर्शी और योजनाबद्ध तरीके से छोटे कारोबारियों को उनकी जरूरत के अनुसार ऋण उपलब्ध कराया। योजना के तहत स्थापित किए गए कीर्तिमान के मुख्य आंकड़े जिसमें लाभार्थियों की संख्या श्रेणी प्रथम, द्वितीय चरण में 6,327 लाभार्थी को प्रतिव्यक्ति वितरित ऋण राशि रूपये 15,000, प्रगतिशील चरण श्रेणी में 4,415 लाभार्थी को प्रतिव्यक्ति वितरित ऋण राशि रूपये 25,000, एवं उच्चतर चरण श्रेणी में 2,070 लाभार्थी को प्रतिव्यक्ति वितरित ऋण राशि रूपये 50,000, लगभग 13000 लाभार्थियों को कुल 31 करोड़ रूपये की राशि का वितरण किया जा चुका है।
