
इंदौर: जीआरपी पुलिस लाइन हब्सी बिचौली में बुधवार को समर कैंप-2026 का शुभारंभ हुआ. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में आयोजित इस कैंप में पुलिस परिवार के 50 से अधिक बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. कैंप में बच्चों को आत्मरक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा.कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई.
कैंप में आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षक अनस अंसारी बच्चों को तकनीक सिखा रहे हैं. वहीं क्रिएटिव गतिविधियों के तहत सोप मेकिंग का प्रशिक्षण आयुषी कासलीवाल द्वारा दिया जा रहा है. इसके अलावा आर्ट एंड क्राफ्ट के अंतर्गत पीएनएम फाउंडेशन की प्रिया बच्चों को पेपर बैग, सजावटी आइटम और दीये बनाना सिखा रही हैं. कैंप में खेल एवं युवा कल्याण विभाग इंदौर का भी विशेष सहयोग मिल रहा है. आयोजकों के अनुसार इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है.
