गिरिडीह, 21 मई (वार्ता) झारखंड के गिरिडीह शहर के बजरंग चौक स्थित सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में सीबीआई की टीम द्वारा की गई छापेमारी कर घूसखोरी का मामला सामने आया है।
मामले में सीबीआई की टीम ने करीब 12 घंटे तक चले जाँच और पूछताछ के बाद जीएसटी विभाग के दो वरीय अधिकारियों को गिरफ्तार कर साथ ले गई है। इस कार्रवाई से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया है कि सीबीआई की यह कार्रवाई बिरनी प्रखंड के खाखीपीपर निवासी राजू अंसारी की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2023 में जमुआ के रहने वाले सीए अनीश कुमार सेठ और गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में पदस्थापित सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी तथा इंस्पेक्टर बिरजू कुमार ने आपसी मिलीभगत कर उन्हें 95 लाख रुपये का जीएसटी टैक्स जमा करने का नोटिस भिजवाया था। लगातार तीन बार नोटिस आने के बाद राजू अंसारी सच्चाई जानने के लिए जब जीएसटी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ।
हालांकि इस दौरान संबंधित अधिकारियों और सीए द्वारा मामले को सेटलमेंट के जरिए निपटाने की बात कही गई और 90 हजार रुपये बतौर घूस डिमांड की गई। तो उन्होंने धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी सीबीआई के एसपी भंवर लाल मीणा को दी। जिसके बाद घूस की रकम कम करने की बातचीत कराई गई और 65 हजार में मामला तय हुआ।
बताया कि सीबीआई द्वारा रचित योजना के तहत बुधवार को राजू अंसारी 50 हजार रुपये लेकर गिरिडीह के सेंट्रल जीएसटी कार्यालय पहुंचे। हालांकि अधिकारियों ने स्वयं पैसे हाथ में न लेकर किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से रकम मंगवाई और उसे सुपरिटेंडेंट के घर भिजवा दिया।
इधर सीबीआई द्वारा केमिकल लगे नोटो के बरामद होने के बाद सीबीआई इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में टीम बुधवार सुबह करीब 11 बजे जीएसटी कार्यालय पहुंची और करीब 13 घंटे तक अधिकारियों से सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी के घर से घूस की राशि मंगवाई गई। केमिकल टेस्ट में पुष्टि होने के बाद जीएसटी सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी का सेवानिवृत्ति को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर में फेयरवेल कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन उससे पहले ही सीबीआई द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई कार्रवाई ने पूरे विभाग में हड़कंप मचा दिया है।
