खेतिहर श्रमिकों का आर्थिक सशक्तिकरण ही नहीं, समाज का संवेदीकरण भी आवश्यक- संजय पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री

 

चित्रकूट, 30 जून। महात्मा गाँधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, दीनदयाल शोध संस्थान और म.प्र. जन अभियान परिषद के साझा संयोजकत्व में भूमिहीन कृषि श्रमिकों के आर्थिक सशक्तिकरण पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन आज कृषि श्रमिकों की बेहतरी के प्रस्ताव- चित्रकूट घोषणा के साथ सम्पन्न हुआ।

महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के बाल्मीकि सभागार और बोर्ड रूम/ रजत जयंती सभागार से संपन्न दो दिवसीय इस संगोष्ठी में देश के विभिन्न राज्यों के 15 से अधिक विश्वविद्यालयों के प्राध्यापकों, शोधकर्ता, चिन्तकों, सामाजिक कार्यकर्ता तथा प्रशासन और नीति निर्माण से जुडे़े अनेक विद्वानों ने सहभागिता की। समापन सत्र में ’चित्रकूट घोषणा’ भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय संगठन सचिव सुरेन्द्रन ने प्रस्तुत की, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित किया। श्री सुरेन्द्रन ने खेतिहर श्रमिकों के लिए पांच सूत्रीय कार्य योजना और भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत किया। समापन सत्र में ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भरत मिश्र, दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, पूर्व अपर मुख्य सचिव बी.आर. नायडू उपस्थित रहे। सामाजिक समरसता के राष्ट्रीय संयोजक श्याम प्रसाद ने संगोष्ठी के विविध आयामों पर प्रकाश डाला। समापन सत्र की अध्यक्षता म.प्र. जन अभियान परिषद् के कार्यपालक निदेशक डाॅ. धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने की। संगोष्ठी का सार वक्तव्य पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान ने प्रस्तुत किया।

श्री संजय पासवान ने कृषि श्रमिकों के आर्थिक सशक्तिकरण पर आधारित इस संगोष्ठी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिस समग्रता से इस विषय पर बातचीत हुई है। भविष्य की रूपरेखा बनी है। मुझे विश्वास है कि इसके दूरगामी परिणाम होेंगे। उन्होंने वर्तमान भारतीय समाज को दो वर्गों में विभाजित बताया और कहा कि एक वर्ग विशेष है और दूूसरा शेष। अर्थात एक शासकीय योजनाओं में लाभ की दृष्टि से प्रमुख है और दूसरा नहीं। श्री पासवान ने कहा कि भारत में जाति एक सच्चाई है, किन्तु राष्ट्रीयता एक अच्छाई है। हमें सामाजिक समरसता के साथ जातियों को स्नेह के सूत्र में पिरोकर एक करना होगा। अन्यथा वर्ग संघर्ष को हवा देने के लिए अनेक ताकतें सक्रिय हैं। अपने उद्बोधन को सूत्र रूप में व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हमें सैड से ग्लैड की तरफ बढ़ना है। सैड अर्थात तीन पाश्चात्य चिंतकों सिगमण्ड फ्रायड, एडम स्मिथ और डार्विन के मानकों को छोड़कर भारतीय चिंतक गांधी, लोहिया, अंबेडकर और दीनदयाल के समन्वयकारी चिंतन से आगे बढ़ना है।

समापन सत्र के अध्यक्षीय उद्बोधन में म.प्र. जन अभियान परिषद् के कार्यपालक निदेशक डाॅ. धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने संगोष्ठी को अत्यन्त सफल निरूपित करते हुये कहा कि यह विषय अनेक वर्षों से उपेक्षित है। भूमि अभिलेख और भूमि आवंटन के दस्तावेजों के रख-रखाव के लिए उन्होनें अत्याधुनिक सेटेलाइट टेक्नोलाॅजी की वकालत की। उन्हानें कहा कि संगोष्ठी के विचार विषय जन-जन तक पहुँचानें की आवश्यकता है जिससे सकारातमक विमर्श बन सके।

समापन सत्र के विशिष्ट अतिथि और पूर्व अपर मुख्य सचिव म.प्र. शासन तथा वर्तमान में ट्रिपल आई.टी. के बोर्ड आफ गवर्नस के अध्यक्ष बी.आर.नायडू ने संगोष्ठी के चिन्तन को युगानुकूल निरूपित किया। मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के माध्यम से स्वैच्छिकता को संस्थागत रूप प्रदान करने और गांव-गांव में विकास के लिए परिवर्तन दूतों के निर्माण में इस कार्यक्रम के प्रभाव का प्रस्तुतिकरण किया। उन्होनें कहा कि भूमिहीन खेतिहर मजदूरों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए एक दीर्घकालीन नीति आवश्यक है।

Next Post

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी

Sun Jun 30 , 2024
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 12 सितंबर को सतना 30 जून/मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए फोटो युक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदाता सूची एक जनवरी 2024 की संदर्भ तारीख के आधार पर बनाई […]

You May Like