
ब्यावरा। नगर के करीब 10 किमी दूर सुठालिया रोड़ पर ग्राम सिलपटी के पास बुधवार सुबह के समय एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल है. हादसे क शिकार तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सडक किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसी. प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्यावरा निवासी शाहिद खान और अनिल अवस्थी सुठालिया से ब्यावरा लौट रहे थे.
सिलपटी के समीप चालक कार से नियंत्रण खो बैठे. असंतुलित होकर कार एक प्रतीक्षालय में जा घुसी. वहां मौजूद लोगों के अनुसार कार बहुत तेज स्पीड में थी. बताया जा रहा है कि कार डिवाइडर किनारे टकराते हुए हवा में उछलकर प्रतीक्षालय में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रतीक्षालय का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. हादसे में शाहिद खान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, अनिल अवस्थी गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनिल अवस्थी को कार से बाहर निकाला और तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया.
ऑटो चालते थे शाहिद खान
हादसे में मौत का शिकार हुए शाहिद खान ऑटो चलाते है. वे अपनी आजीविका ऑटो चलाकर करते है. दुर्घटना की खबर के बाद उनके परिवार और मिलने जुलने वालों में शोक व्याप्त हो गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है.
