
इंदौर। हीरानगर इलाके के शराब अहाते में चोरी की शंका के आधार पर चार लोगों ने मिलकर एक अकेले युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
घटना हीरानगर थाना क्षेत्र में स्थित रोहित कटारिया के अहाते की है. फरियादी सावन पिता बलीराम निवासी विद्यानगर झोपड़पट्टी ने थाने पहुँचकर आपबीती सुनाते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. सावन ने पुलिस को बताया कि वह हीरानगर स्थित रोहित कटारिया के अहाते में मौजूद था. तभी वहां काउंटर पर काम करने वाले अन्ना नाम के कर्मचारी ने सावन को रोका और उस पर आरोप लगाते हुए कहा, तूने काउंटर से पैसे चुराए हैं.जब सावन ने इस झूठे आरोप का विरोध किया और साफ शब्दों में कहा, भाई, मैंने कोई पैसे नहीं चुराए हैं तो अन्ना उसकी बात से और नाराज हो गया. काउंटर से पैसे गायब होने की शंका में अन्ना ने सावन को गालियां देना शुरू कर दिया. सावन ने जब गाली देने का विरोध किया, तो अन्ना ने पास ही रखा लकड़ी का भारी डंडा उठाया और सावन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.विवाद बढ़ता देख अहाते में काम करने वाले अन्य कर्मचारी कृष्णा वर्मा और राहुल शिन्दे भी वहां दौड़कर आए. उन्होंने भी बिना कुछ सोचे-समझे अपने हाथों में लकड़ी के लठ थाम लिए और सावन को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. इसी बीच अहाते का मालिक रोहित कटारिया भी वहां पहुँच गया. सावन की बात सुनने के बजाय रोहित ने भी कानून हाथ में ले लिया और लठ व हाथ-मुक्कों से सावन की बुरी तरह पिटाई कर दी.चारों आरोपियों के सामूहिक हमले में सावन के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया. अहाते में मौजूद अन्य ग्राहकों और राहगीरों के बीच-बचाव करने के बाद आरोपियों ने उसे छोड़ा और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया.
