नयी दिल्ली, 19 मई (वार्ता) रेलवे ने उत्तरी रेलवे के जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा खंड पर 238 करोड़ रुपये की लागत से ढलान स्थिरीकरण, सुरंगों के पुनर्निर्माण और पुलों के संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी है। इन कार्यों में संवेदनशील स्थानों पर पुनर्निर्माण, सुरंगों में रिसाव की समस्या का समाधान तथा अन्य सुरक्षा उपाय शामिल हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलखंड की दीर्घकालिक सुरक्षा और विश्वसनीयता को मजबूत करने के उद्देश्य से यह परियोजना मंजूर की गई है। ये कार्य देश के सबसे चुनौतीपूर्ण भूभागों में सुरक्षित और विश्वसनीय संपर्क सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि कटिंग, पुलों और सुरंगों के विस्तृत मूल्यांकन के बाद संरक्षण और पुनर्वास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस रेलखंड की दीर्घकालिक सुरक्षा और विश्वसनीयता मजबूत होगी। उनका कहना था कि कठिन भूभाग, प्रतिकूल भूवैज्ञानिक परिस्थितियों और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण इस खंड को कई इंजीनियरिंग और परिचालन समस्याओं का सामना करना पड़ा है। समय-समय पर हालांकि बुनियादी ढांचे के विकास और आवश्यक कार्यों के माध्यम से इन चुनौतियों से निपटा गया है। रेलवे का कहना है कि नए संरक्षण और पुनर्वास कार्यों की मंजूरी से यह रेलमार्ग पहले से अधिक सुरक्षित और बेहतर सुविधाओं वाला बनेगा तथा हर वर्ष लाखों यात्रियों को अधिक भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध करा सकेगा।

