
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित वाई डब्ल्यू सी ए ऑडिटोरियम में सुर मित्रा ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य लाइव बैंड म्यूजिकल शो पसंद अपनी अपनी ने संगीत प्रेमियों को सुरों की यादगार शाम दी। कार्यक्रम का कुशल निर्देशन और संचालन म्यूजिक डायरेक्टर एवं सिंगर सुरेंद्र पुष्करणा ने किया, जिसमें कला, संगीत और साहित्य जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में कविता सक्सेना, एन.के. अग्रवाल, सुरेंद्र जैन, कैप्टन रामा आर्या, डॉ. उर्मिला, संजीव भाखरी, एस.के. मल्होत्रा, जसवंत मल्होत्रा और वरिष्ठ पत्रकार सत्य प्रकाश सक्सेना सहित कई गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान किया गया।
संगीतमय शाम में सिंगर कुलदीप, मनोज श्रीवास्तव, अर्जुन महर्षि, देवेंद्र चौहान, राजन मेहता, एस. साधु, राजेश कुमार, निहारिका चौहान, विजय मनचंदा, जसपाल, बलबीर गुलाटी, दीपा, सारिका और रिडा समेत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नए और पुराने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति ने युवा और वरिष्ठ पीढ़ी दोनों को भावविभोर किया।
कार्यक्रम का संचालन एंकर पूजा अरोड़ा ने शेर-ओ-शायरी और साहित्यिक अंदाज के साथ किया, जिसने पूरे आयोजन को और अधिक जीवंत एवं आकर्षक बना दिया। समयबद्ध और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए दर्शकों ने आयोजन समिति और कलाकारों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे संगीत प्रेमियों ने देर तक सुरों की इस शाम का आनंद लिया।
