
इंदौर. एमपीपीएससी द्वारा आयोजित सहायक कुल सचिव परीक्षा-2025 का आयोजन 17 मई को किया जाएगा. यह परीक्षा ऑफलाइन पद्धति से प्रदेश के चार संभागीय मुख्यालयों के परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी.
परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग द्वारा त्रिस्तरीय नई व्यवस्था लागू की गई है. इसके तहत परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) से जांच की जाएगी. पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष वीक्षक तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा की जाएगी. वहीं ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को यह सुविधा दी गई है कि वे अपनी फ्रिस्किंग महिला या पुरुष कर्मचारियों में से किसी एक से करा सकेंगे. आयोग ने सभी परीक्षार्थियों के लिए इस जांच प्रक्रिया का पालन अनिवार्य किया है. साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.
