रायपुर,(वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने गुरुवार को तेल कंपनियों के संचालकों और पेट्रोलियम डीलर्स की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध रहे।
बैठक में कलेक्टर ने तेल कंपनियों के डिपो प्रबंधन को निर्देशित किया कि डीलर्स को पेट्रोल और डीजल की सप्लाई बिना किसी विलंब के की जाए। साथ ही वर्तमान में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित ईंधन वितरण समय को स्थिति सामान्य होने तक बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
डॉ. सिंह ने शहर के भीतर ईंधन टैंकरों की 24 घंटे आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर स्टॉक की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से अधिकतम समय तक पंप खुले रखने को भी कहा ताकि लोगों को ईंधन लेने में परेशानी न हो।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, इसलिए नागरिक घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें। उन्होंने लोगों से केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
प्रशासन ने कालाबाजारी या अनियमितता की सूचना देने के लिए कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 जारी किए हैं।
प्रदेश एवं जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगट ने भी लोगों से संयम बरतने और आवश्यकतानुसार ही पेट्रोल-डीजल लेने की अपील करते हुए कहा कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा, विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारी तथा पेट्रोलियम डीलर्स मौजूद रहे।
