
इंदौर. सिंहस्थ 2028 को लेकर कलेक्टर ने बुधवार को एनएचएआई द्वारा निर्मित नेशनल हाईवे का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा कर समय सीमा में काम पूरा करने के आदेश दिए. एनएचएआई अधिकारियों ने कलेक्टर को सभी कार्य दिसंबर में पूरा करने की जानकारी दी.
कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे 347बीजी का दौरा किया. कलेक्टर ने सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखकर सड़क निर्माण की जानकारी ली, ताकि सिंहस्थ के पूर्व सड़क पर आवागमन शुरू हो सके. सड़क निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को सिंहस्थ 2028 की दृष्टि से उक्त योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर तेजी से कार्य पूर्ण करने का कहा है, ताकि इंदौर ओंकारेश्वर के बीच यातायात जाम से वाहन चालकों को निजात मिल सके. कलेक्टर वर्मा ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए निर्माण कार्य में बाधा को तत्काल दूर करे और एनएचएआई अधिकारियों को सहयोग करें. निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए.
सभी कार्य दिसंबर तक होंगे पूर्ण
इस मौके पर एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण यादव ने बताया कि इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे योजना के सभी कार्य दिसंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे. उन्होंने कलेक्टर को जानकारी दी कि भेरूघाट बायपास का निर्माण कार्य जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा. इसके पूरा होने से घाट में ट्रैफिक जाम से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी. निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के तकनीकी अधिकारी एवं जिला प्रशासन के राजस्व अधिकारी भी उपस्थित थे.
