इंदौर:राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर के प्रशासनिक न्यायाधिपति विजय कुमार शुक्ला के आदेशानुसार म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया. नेशनल लोक अदालत के समक्ष सिविल (एम.ए.सी.टी.आदि), रिट, क्रिमिनल एवं अन्य प्रकृति के कुल 318 प्रकरणों को सुनवाई हेतु रखा गया था जिसमें से कुल 107 प्रकरण निराकृत किये जाकर लगभग राशि 47 लाख 53 हजार रुपये के अवार्ड पारित हुए, उक्त प्रकरणों के निराकरण से 587 पक्षकार लाभान्वित हुए.
इस वर्ष की द्वितीय नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर के सभागार में प्रशासनिक न्यायाधिपति विजय कुमार शुक्ला, न्यायाधिपति जय कुमार पिल्लई एवं न्यायाधिपति आलोक अवस्थी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया. इस अवसर पर अनूप कुमार त्रिपाठी, प्रिंसिपल रजिस्ट्रार, नीरज मालवीय, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, मनीष यादव ,अध्यक्ष, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, मनीष गढ़कर सचिव उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, खण्डपीठ के सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती सुधा श्रीवास्तव, अधिवक्ता भुवन गौतम सहित अन्य अधिवक्तागण, बीमा कंपनियों के अधिकारीगण, उच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे. नेशनल लोक अदालत में उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर की ओर से प्रकरणों को सुनवाई हेतु न्यायाधिपति विजय कुमार शुक्ला, न्यायाधिपति जय कुमार पिल्लई की खण्डपीठों के समक्ष रखा गया जिसमें खण्डपीठों द्वारा 107 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया.
