भोपाल: संभागीय कार्यालय में आयोजित समय-सीमा बैठक में संभागायुक्त संजीव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी शासकीय स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने कहा कि संभाग में ऐसा कोई भी स्कूल नहीं रहना चाहिए, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था न हो. अधिकारियों को स्कूलों का निरीक्षण कर ऐसे संस्थानों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, जहां इन सुविधाओं का अभाव है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश से पहले सभी स्कूलों में पानी और शौचालय की व्यवस्था पूर्ण कर ली जाए, अन्यथा लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी.बैठक में संभागायुक्त ने आयुष्मान वय वंदना योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के कोई भी वरिष्ठ नागरिक आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहें. उन्होंने पात्र लोगों के कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए.
गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. सभी उपार्जन केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग, परिवहन व्यवस्था, पर्याप्त बारदाना उपलब्धता तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए. जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि भोपाल संभाग में 4 लाख 37 हजार 381 किसानों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 3 लाख 52 हजार 809 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं. अब तक 2 लाख 40 हजार 509 किसानों से 15 लाख 94 हजार 94 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है तथा 2 हजार 354 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है.
साथ ही 14 लाख 61 हजार 715 मीट्रिक टन गेहूं का परिवहन भी किया जा चुका है.महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का पंजीयन पोषण ट्रैकर पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए. इसके अलावा पीएम गति शक्ति योजना के अंतर्गत नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण नजदीकी स्कूलों एवं को-लोकेशन के आधार पर समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए.
